बिहार के रोहतास जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजपुर प्रखंड के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी जनार्दन कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं सरकारी दफ्तरों में भी खलबली मची हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, राजपुर प्रखंड के पैक्स प्रबंधक प्रशांत कुमार से धान खरीद के बाद भौतिक सत्यापन के नाम पर लगातार 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। बताया जा रहा है कि बिना पैसे दिए सत्यापन कार्य पूरा नहीं किया जा रहा था, जिससे पैक्स प्रबंधक काफी परेशान थे।
लगातार हो रही इस अवैध मांग से तंग आकर प्रशांत Kumar ने निगरानी विभाग से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने मामले की गुप्त जांच की और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की योजना बनाई।
निगरानी विभाग ने जाल बिछाकर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। इसी दौरान बीसीओ जनार्दन कुमार को उनके कार्यालय में ही 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ लेकर सासाराम स्थित उसके आवास पर भी पहुंची, जहां तलाशी अभियान चलाया गया।
निगरानी विभाग के इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर ट्रैप लगाया गया था। उन्होंने कहा कि आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। फिलहाल आरोपी को पूछताछ और आवश्यक प्रक्रिया के लिए पटना ले जाया जा रहा है।
वहीं पैक्स प्रबंधक प्रशांत कुमार ने बताया कि उनसे लगातार पैसे की मांग की जा रही थी। परेशान होकर उन्होंने निगरानी विभाग से संपर्क किया, जिसके बाद यह कार्रवाई संभव हो सकी।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने निगरानी विभाग की सराहना की है और कहा है कि ऐसे कदमों से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी।
