कांग्रेस कार्यसमिति ने इंडिया गठबंधन का समर्थन किया है। सीडब्ल्यूसी में पार्टी से गठबंधन को आगे ले जाने का आग्रह किया है। इस दौरान पी. चिदंबरम ने एक राष्ट्र, एक चुनाव पर कहा कि यह विचार संविधान और संघवाद पर हमला है। हम इसे अस्वीकार करते हैं।
चिदंबरम ने कहा, एक साथ चुनाव के लिए कम से कम पांच संविधान संशोधनों की आवश्यकता होगी। भाजपा जानती है कि उसके पास संख्या बल नहीं है। अगर वह इस मुद्दे को उठाती है, तो यह ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक में इंडिया गठबंधन पर विस्तार से चर्चा हुई।
पी. चिदंबरम के मुताबिक, बैठक में मौजूद हर सदस्य ने इंडिया गठबंधन का समर्थन किया है। कई सदस्यों की राय थी कि टिकट बंटवारे को जल्द पूरा करना चाहिए।
कार्यसमिति में पारित प्रस्ताव में कहा गया है कि सीडब्ल्यूसी गठबंधन की एकजुटता का स्वागत करती है। इंडिया की पहल को चुनावी रूप से सफल बनाने का संकल्प दोहराती है।
सनातन मुद्दे पर चर्चा
सीडब्ल्यूसी के एक सदस्य के मुताबिक, बैठक में सनातन मुद्दे पर चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार भूपेश बघेल और दिग्विजय सिंह का कहना था कि पार्टी नेताओं को ऐसे मुद्दों पर एहतियात बरतनी चाहिए।
इनकी दलील थी कि सनातन मुद्दे पर बयानबाजी से भाजपा को उसका पसंदीदा मुद्दा मिल जाता है।
बलिदान के बीच जश्न शहादत का अपमान
कांग्रेस ने अनंतनाग में शहीद हुए जांबाजों के प्रति संवेदना जताते हुए सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा, जब देश शोक मना रहा था, तब भाजपा जी-20 की बधाई के लिए जश्न मनाने में व्यस्त थी। बैठक में पारित प्रस्ताव में मणिपुर हिंसा पर दुख जताया गया है। पार्टी ने यहां राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग दोहराई है।
भारत यात्रा का आग्रह
बैठक में भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण पर चर्चा हुई। कार्यसमिति सदस्यों ने राहुल गांधी से पूर्व से पश्चिम की ओर भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण शुरू करने का आग्रह किया। खड़गे ने भी सीडब्ल्यूसी की शुरुआत करते हुए यात्रा के दूसरे चरण के संकेत दिए। पार्टी का मानना है कि यात्रा के पहले चरण से काफी फायदा हुआ है।
केंद्र के दावों पर सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को केंद्र सरकार के दावों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा नारों से देश की तरक्की नहीं होगी। उन्होंने विफलता छुपाने के लिए नए-नए नारे गढ़ने का आरोप लगाया। गठबंधन का कारवां जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, सरकार की बौखलाहट बढ़ती जाएगी।