सहरसा से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां सड़क हादसे में घायल एक बुजुर्ग व्यक्ति अस्पताल से ही रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। परिजन कई दिनों से उनकी तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

 

मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जिरवा मधेली गांव निवासी महानन्द यादव, पिता स्वर्गीय रतन यादव, 2 अप्रैल 2026 को अपने घर से यह कहकर निकले थे कि वे रमनी गंगापुर स्थित अपनी बहन के यहां जा रहे हैं। लेकिन इसके बाद वे अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे।

 

घटना में नया मोड़ तब आया जब 4 अप्रैल 2026 को एंबुलेंस चालक दिलीप कुमार ने परिजनों को सूचना दी कि महानन्द यादव का सहरसा के पटुआहा यादव चौक के पास किसी वाहन से दुर्घटना हो गया है और उन्हें सदर अस्पताल, सहरसा में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे।

 

अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को जानकारी मिली कि घायल के नाम से पुर्जा तो कटा हुआ है, लेकिन वे वहां मौजूद नहीं हैं। बताया गया कि इलाज के दौरान ही वे अस्पताल से कहीं चले गए या गायब हो गए। परिजनों ने अस्पताल से जुड़े दस्तावेजों का फोटो भी लिया है और एंबुलेंस चालक द्वारा भेजे गए घायल अवस्था के फोटो भी उनके पास मौजूद हैं।

 

परिजनों ने बताया कि महानन्द यादव को कभी-कभी मानसिक असंतुलन की समस्या भी हो जाती है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। उन्होंने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चल सका है।

 

इस संबंध में सहरसा सदर थाना में लिखित आवेदन देकर परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। परिजन प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि जल्द से जल्द उनके पिता को खोजकर सुरक्षित घर पहुंचाया जाए।

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि आखिर घायल व्यक्ति अस्पताल से कैसे और कहां गायब हो गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *