भागलपुर जिले के पिरपेंती प्रखंड स्थित आधार केंद्र में लगातार तकनीकी खराबी के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र के बाहर चिपकाए गए नोटिस में “लिंक फेल” होने की वजह से सेवाएं बंद होने की सूचना दी जा रही है। पिछले तीन से चार दिनों से जारी इस समस्या ने क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आधार केंद्र बंद रहने से उन्हें बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पूरे प्रखंड में सिर्फ एक ही आधार केंद्र है, जिसके कारण यहां रोज बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। कई लोग 15 से 20 किलोमीटर दूर-दराज के गांवों से आधार से जुड़ी सेवाओं—जैसे नया आधार बनवाना, अपडेट कराना या सुधार करवाने—के लिए आते हैं। लेकिन तकनीकी समस्या के चलते केंद्र बंद रहने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।

“हम लोग दूर-दूर से आते हैं, लेकिन यहां आकर पता चलता है कि लिंक फेल है। कई दिनों से यही स्थिति बनी हुई है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है।”

लोगों का कहना है कि आज के समय में आधार कार्ड एक बेहद जरूरी दस्तावेज बन चुका है। स्कूल और कॉलेज में एडमिशन, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने, बैंकिंग कार्य और कई अन्य जरूरी काम आधार से जुड़े हुए हैं। ऐसे में आधार केंद्र का बार-बार बंद रहना आम जनता के लिए बड़ी समस्या बन गया है।

 

स्थानीय नागरिकों ने सरकार और प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में अतिरिक्त आधार केंद्र खोलने की भी आवश्यकता जताई है, ताकि लोगों को लंबी दूरी तय कर परेशानी का सामना न करना पड़े। फिलहाल, सेवाएं कब तक बहाल होंगी, इसको लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *