बिहार के बेगूसराय जिले में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश किया है। नगर थाना क्षेत्र के सुभाष चौक स्थित गणपति होटल में चल रहे इस अवैध धंधे पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कार्रवाई की। इस दौरान एक कॉल गर्ल, उसके ग्राहक और होटल के एक कर्मचारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि उक्त होटल में देह व्यापार का नेटवर्क सक्रिय है। इसके बाद सदर एसडीओ अनिल कुमार और डीएसपी आनंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जब होटल में दबिश दी, तो एक कमरे से महिला और पुरुष को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया।
गिरफ्तार लोगों में पश्चिम बंगाल की रहने वाली महिला, ग्राहक विक्की कुमार और होटल कर्मचारी सोना कुमार शामिल हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में होटल प्रशासन की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। होटल के रजिस्टर की जांच में सामने आया कि पकड़े गए लोगों की एंट्री दर्ज ही नहीं थी, जो सीधे तौर पर नियमों की अनदेखी और मिलीभगत की ओर इशारा करता है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक सामग्रियां भी बरामद की हैं। वहीं पूछताछ में महिला ने जो खुलासे किए, उन्होंने पुलिस को भी चौंका दिया। महिला ने बताया कि उसकी दो शादियां हो चुकी हैं और उसका एक बच्चा भी है। पहली शादी बंगाल में हुई थी, जबकि दूसरी शादी पटना में एक युवक से हुई, जिसके साथ वह पिछले दो साल से रह रही थी।
महिला के अनुसार, उसके महंगे शौक और आर्थिक जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही थीं, जिसके चलते उसने यह रास्ता अपनाया। पति के काम पर जाने के बाद वह अलग-अलग जिलों के होटलों में जाकर ग्राहकों के संपर्क में आती थी और देह व्यापार में लिप्त रहती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
