भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत बिहपुर थाना क्षेत्र के भगवतीपुर गांव में 21 अप्रैल की रात हुई प्रकाश मंडल की हत्या अब एक सनसनीखेज प्रेम प्रसंग की कहानी बनकर सामने आई है। इस पूरे हत्याकांड की जड़ में मृतक की छोटी बहू और उसके प्रेमी का अवैध संबंध बताया जा रहा है। मामले का खुलासा नवगछिया एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की छोटी बहू सुषमा कुमारी का गांव के ही संजीव कुमार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब एक महीने पहले दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था, जिसके बाद गांव में पंचायत के जरिए मामला शांत कराया गया था। हालांकि यह रिश्ता अंदर ही अंदर सुलगता रहा और अंततः एक खौफनाक साजिश में बदल गया।
21 अप्रैल की देर रात करीब 12:30 बजे अपराधियों ने घर में घुसकर प्रकाश मंडल को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निखिल कुमार, दिवाकर कुमार और मृतक की छोटी बहू सुषमा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दिवाकर कुमार के घर से हत्या में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध और परिवार की ‘इज्जत’ को लेकर उत्पन्न तनाव ही इस हत्या की मुख्य वजह बना।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
