भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े चार बच्चों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

 

यह हादसा भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि चारों बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर आइसक्रीम खरीद रहे थे, तभी अचानक सफेद रंग की एक नई कार तेज गति से आई और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे दूर जा गिरे और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

 

पीड़ित परिजनों के अनुसार, इससे पहले मनोहरपुर इलाके में भी इसी कार चालक ने एक महिला को धक्का मारा था। वहीं से दो मोटरसाइकिल सवार कार का पीछा कर रहे थे। पीछा किए जाने के दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हो गया।

 

घायलों में सोनू रजक का पुत्र गुलशन कुमार और बनारसी यादव की नतनी मोनिका कुमारी गंभीर रूप से घायल हैं। गुलशन के सिर में गंभीर चोट आई है और उसका बायां पैर टूट गया है, जबकि मोनिका का भी एक पैर फ्रैक्चर हो गया है। वहीं दीपक और ऋतिक को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को वाहन सहित खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल बच्चों को पहले स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी चालक से पूछताछ की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *