भागलपुर में आयोजित बाबू वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव समारोह के मौके पर उत्तर प्रदेश गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। दोनों नेताओं के शहर पहुंचने पर आयोजकों और स्थानीय लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरा माहौल उत्साह और सम्मान से भर उठा।

 

कार्यक्रम के दौरान बाबू वीर कुंवर सिंह सामाजिक परिषद के अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रणजीत सिंह और कार्यक्रम प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने दोनों अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद सभी जीरो माइल चौक पहुंचे, जहां स्थित वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर दोनों नेताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस व बलिदान को नमन किया।

 

माल्यार्पण के उपरांत दोनों अतिथि टाउन हॉल पहुंचे, जहां आयोजित सभा में उन्होंने लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में बृजभूषण शरण सिंह और धनंजय सिंह ने वीर कुंवर सिंह के जीवन और संघर्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बाबू वीर कुंवर सिंह 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे, जिन्होंने लगभग 80 वर्ष की आयु में भी अंग्रेजों के खिलाफ तलवार उठाकर अद्वितीय साहस का परिचय दिया।

 

वक्ताओं ने कहा कि वे बिहार के शाहाबाद क्षेत्र के जगदीशपुर के राजा थे और अपनी रणनीति, वीरता और नेतृत्व क्षमता के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध हैं। उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और देशभक्ति की भावना को मजबूत करता है।

 

समारोह के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में देशभक्ति का जोश साफ देखने को मिला और लोगों ने एकजुट होकर वीर कुंवर सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *