बिहार के नवादा जिले से एक बेहद डराने वाली घटना सामने आई है, जहां चार्जिंग के दौरान नई इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे के बाद घर में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए।

 

जानकारी के मुताबिक, वारसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-6 में वार्ड पार्षद सुनैना देवी के घर यह हादसा हुआ। उनके बेटे विकास कुमार बुधवार शाम करीब 7 बजे नई इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदकर घर लाए थे। घर पहुंचने के बाद स्कूटी की पूजा की गई और रात करीब 12 बजे उसे चार्जिंग पर लगाया गया।

 

पीड़ित विकास कुमार ने बताया कि चार्जिंग के करीब दो घंटे बाद स्कूटी से धुआं निकलता दिखाई दिया। वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही जोरदार धमाका हो गया। देखते ही देखते स्कूटी आग का गोला बन गई और आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। उनकी आंखों के सामने नई स्कूटी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।

 

इस हादसे में घर के अंदर रखा टीवी, फ्रिज, स्पीकर, पंखा, फर्नीचर और एक बाइक समेत कई कीमती सामान जलकर राख हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना में करीब 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

 

पीड़ित के भाई उदय कुमार ने बताया कि “स्कूटी खरीदने के कुछ ही घंटे बाद यह हादसा हो गया। चार्जिंग पर लगाने के दो घंटे बाद ही बैटरी में ब्लास्ट हो गया।”

 

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

 

फिलहाल पीड़ित परिवार ने स्कूटी शोरूम और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *