भागलपुर के ईशाकचक थाना क्षेत्र स्थित शिवपुरी कॉलोनी में बिजली तार चोरी की बढ़ती घटनाओं से परेशान लोगों ने आखिरकार एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया। युवक कॉलोनी में बिजली का तार काटकर चोरी करने की कोशिश कर रहा था, तभी स्थानीय लोगों ने उसे धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में नशे की लत के कारण चोरी करने की बात स्वीकार की है।

 

भागलपुर के ईशाकचक थाना क्षेत्र के शिवपुरी कॉलोनी में बीते कई दिनों से बिजली और एसी के तार चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इन घटनाओं से स्थानीय लोग काफी परेशान थे और चोर की तलाश में नजर बनाए हुए थे। गुरुवार को लोगों की सतर्कता से आखिरकार तार चोरी करने वाले एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार युवक कॉलोनी में बिजली का तार काटने का प्रयास कर रहा था। तभी आसपास के लोगों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने तुरंत युवक को घेर लिया और पकड़कर उसकी जमकर पूछताछ की। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाना चली गई।

 

स्थानीय निवासी प्रियंका देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले भी यही युवक उनके घर से टोटो चार्जर चोरी कर फरार हो गया था। उस समय युवक की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन आज दोबारा कॉलोनी में दिखाई देने पर उन्होंने उसे पहचान लिया। इसके बाद लोगों ने मिलकर उसे पकड़ लिया।

 

वहीं पकड़े गए युवक ने स्वीकार किया कि वह नशा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। युवक के बयान के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह अकेले चोरी करता था या उसके साथ कोई और भी शामिल है।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ जारी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *