बोकारो जिले के पिंड्रजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गवई नदी पुल के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ईंधन से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में था और अचानक चालक ने जोरदार ब्रेक लगाया। सड़क पर टायर के घिसटने के लंबे निशान साफ दिखाई दे रहे थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की काफी कोशिश की, लेकिन ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटते ही ट्रक में आग लग गई और कुछ ही देर में पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा।

 

हालांकि ट्रक में गैस थी या तेल, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन बताया जा रहा है कि ट्रक में ज्वलनशील ईंधन भरा हुआ था। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोग घटनास्थल से दूर हट गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

 

बताया जा रहा है कि ट्रक चालक हादसे के तुरंत बाद किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं ट्रक में खलासी मौजूद था या नहीं, इसको लेकर स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *