सहरसा जिले के महिषी प्रखंड स्थित बलुआहा मिडिल स्कूल में मिड डे मील खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। अब इस मामले से जुड़ी वह थाली सामने आई है, जिसमें परोसा गया भोजन खाने के बाद करीब 200 से अधिक बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। स्कूल परिसर में बच्चों की तबीयत बिगड़ते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी बच्चे को पेट दर्द, किसी को उल्टी और चक्कर आने की शिकायत होने लगी, जिसके बाद आनन-फानन में सभी बच्चों को इलाज के लिए महिषी अस्पताल और सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार मिड डे मील में सांप गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन जैसे ही यह खबर फैली, अभिभावकों में डर और गुस्सा दोनों देखने को मिला। बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हालचाल जाना। अस्पताल में कुछ समय के लिए भारी भीड़ लग गई थी।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। स्कूल में बने भोजन के नमूने को जांच के लिए भेजे जाने की बात कही जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश बच्चों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है और सभी को निगरानी में रखा गया है।
घटना के बाद एक बार फिर स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मिड डे मील की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों के भोजन की नियमित जांच और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
