धनबाद जिले के राजगंज क्षेत्र के चुंगी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब झुंड से बिछड़ा एक जंगली हाथी देर रात गांव में घुस आया। हाथी ने पूरी रात गांव में उत्पात मचाया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, हाथी सबसे पहले गांव के निवासी सुबोध चौधरी के घर पहुंचा, जहां उसने चारदीवारी तोड़कर बागान में प्रवेश किया। वहां लगे कटहल के पेड़ों को नुकसान पहुंचाया और सब्जियों को पैरों से रौंद दिया। इसके बाद हाथी संजय चौधरी और प्रवीण चौधरी के खेतों में पहुंच गया, जहां बैगन, टमाटर सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ।
घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हाथी को देख ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया। महिलाएं अपने छोटे बच्चों को लेकर सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों से बाहर निकल गईं। हालांकि, ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए पटाखे फोड़कर हाथी को भगाने का प्रयास किया, जिसके बाद हाथी एक अन्य चारदीवारी तोड़ते हुए खेतों के रास्ते रनटांड़ की ओर निकल गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग और राजगंज थाना पुलिस को जानकारी दी। वन विभाग के रेंजर परमानंद रजक के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग के अनुसार, यह वही हाथी है जो अपने झुंड से बिछड़ गया है और इससे पहले कांकरछुरी गांव में भी दो किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा चुका है।
किसानों ने बताया कि इस घटना में करीब 40 से 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी की तलाश में जुटी हुई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
गांव में इस घटना के बाद से दहशत का माहौल है और लोग रात के समय विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।
संवाददाता: नीतीश कुमार, धनबाद
