भागलपुर में विक्रमशिला पुल के एक हिस्से के ध्वस्त होने के बाद अब आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए मुंगेर के रास्ते को ही मुख्य वैकल्पिक मार्ग घोषित किया है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्पष्ट कहा है कि फिलहाल लोगों को मुंगेर होकर ही यात्रा करनी होगी।
घटना पिलर नंबर 133 के पास हुई, जहां देर रात पुल का एक बड़ा स्लैब टूटकर गंगा में समा गया। हालांकि समय रहते ट्रैफिक रोक दिए जाने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इस घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी वैकल्पिक मार्ग—मुंगेर रूट का ही उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम से बचा जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और क्षतिग्रस्त हिस्से की लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रशासन द्वारा तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया है, जो पुल ध्वस्त होने के कारणों की गहन जांच करेगी। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
फिलहाल भागलपुर और आसपास के इलाकों के लिए मुंगेर का रास्ता ही एकमात्र विकल्प बनकर सामने आया है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें।
