apnabiharjharkhand

समस्तीपुर में दर्दनाक हादसा टला, मां ने सीने से लगाकर बचाई बच्ची की जान


समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने वहां मौजूद लोगों की सांसें रोक दीं। प्लेटफॉर्म और तेज रफ्तार ट्रेन के बीच चार लोग फंस गए। इनमें एक मां अपनी छोटी बच्ची को सीने से लगाए जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही। स्टेशन पर मौजूद लोग दहशत में थे और हर कोई बस उनकी सलामती की दुआ कर रहा था।

जानकारी के अनुसार एक परिवार पटोरी में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह से लौट रहा था। परिवार के लोग स्टेशन के दूसरी ओर ऑटो से उतरकर रेलवे लाइन पार कर प्लेटफॉर्म पर पहुंच रहे थे। तभी अचानक ट्रेन आ गई और चार सदस्य प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गए।

हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला अपनी बच्ची को मजबूती से सीने से लगाए हुए है और तेज रफ्तार से ट्रेन की कई बोगियां उनके ऊपर से गुजर रही हैं। स्टेशन पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग डर के मारे पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।

ट्रेन गुजरने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी को बाहर निकाला। हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बच्ची और एक अन्य सदस्य सुरक्षित बच गए। घायल महिलाओं को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया।

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक एसके झा ने बताया कि एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य घायलों के हाथ और पैर में चोट लगी है। वहीं नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा रेलवे लाइन पार करने की लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। थोड़ी सी जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती थी। गनीमत रही कि इस दर्दनाक हादसे में किसी की जान नहीं गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *