भागलपुर के सबौर क्षेत्र स्थित जिछो गांव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिवंगत प्रवीण सिंह कुशवाहा की याद में भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजनीतिक और सामाजिक जगत से जुड़े कई बड़े नेता और गणमान्य लोग पहुंचे तथा दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
श्रद्धांजलि सभा में विशेष रूप से बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पत्नी कुमारी ममता शामिल हुईं। उन्होंने दिवंगत प्रवीण सिंह कुशवाहा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने दिवंगत नेता की पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और गहरी संवेदना प्रकट की।
वहीं पूर्णिया के सांसद Pappu Yadav भी दोपहर बाद जिछो गांव पहुंचे। उन्होंने श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर दिवंगत नेता को नमन किया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समर्थक और कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री की पत्नी कुमारी ममता के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। वे दुमका-पटना एक्सप्रेस ट्रेन से भागलपुर स्टेशन पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर भागलपुर स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। सुरक्षा बलों की टीम ने ट्रेन आने से पहले स्टेशन परिसर की गहन जांच-पड़ताल की। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें कार्यक्रम स्थल जिछो गांव के लिए रवाना किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, पूर्व विधायक अजीत शर्मा, चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन, कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश और कांग्रेस नेता शकील अहमद खान सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। जिछो बायपास किनारे हज़रा पोखर के पास आयोजित इस कार्यक्रम में दोपहर से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी थी और समर्थकों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को याद किया।
दिवंगत कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह कुशवाहा को दी गई श्रद्धांजलि, जिछो गांव में जुटे कई बड़े राजनीतिक चेहरे


