बेलगड़िया में उपडाकघर का शुभारंभ, विस्थापित परिवारों को घर के पास मिलेगी डाक और बैंकिंग सुविधा

झरिया अग्नि प्रभावित क्षेत्र से विस्थापित परिवारों के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा। बेलगड़िया पुनर्वास स्थल में नए उपडाकघर का शुभारंभ किया गया। धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और डाक विभाग के प्रमंडलीय अध्यक्ष राजीव रंजन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उपडाकघर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और इस सुविधा की शुरुआत पर खुशी जताई।

बेलगड़िया पुनर्वास स्थल में लंबे समय से उपडाकघर की मांग की जा रही थी। उपडाकघर शुरू होने के बाद अब क्षेत्र के लोगों को डाक, बैंकिंग और बचत योजनाओं से जुड़ी सेवाओं के लिए दूर-दराज के इलाकों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही लोगों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि बेलगड़िया के लोगों की इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि डाकघर खुलने से स्थानीय लोगों को बचत खाता, जमा योजना, डाक सेवाएं और अन्य वित्तीय सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस दौरान सांसद ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गया पुल का निर्माण पूरा कराया गया है, मटकुरिया फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है तथा धनबाद में रेडियो स्टेशन की शुरुआत भी की गई है। इसके अलावा गोविंदपुर और निरसा में जाम की समस्या के समाधान के लिए एलिवेटेड फ्लाईओवर की दिशा में पहल की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि धनबाद को सात नई ट्रेनों की सौगात मिली है, जिससे यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो रही है।

डाक विभाग के प्रमंडलीय अध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा कि बेलगड़िया जैसे बड़े पुनर्वास क्षेत्र में उपडाकघर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसके शुरू होने से लोगों को डाक सेवाओं के साथ-साथ विभिन्न बचत योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा और वित्तीय समावेशन को मजबूती मिलेगी।

संवाददाता : नीतीश कुमार, धनबाद

Related Posts

सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम जाना हुआ आसान, समस्तीपुर रेल मंडल ने चलाईं श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनें

सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम जाना हुआ आसान, समस्तीपुर रेल मंडल ने चलाईं श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनें

सावन की भीड़ में पति बने भगवान! बाबा का जल… पति के सिर! देवघर का वायरल वीडियो बना चर्चा का विषय

सावन की भीड़ में पति बने भगवान! बाबा का जल… पति के सिर! देवघर का वायरल वीडियो बना चर्चा का विषय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *