जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड स्थित पीडब्ल्यूडी परिसर में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 14 अगस्त को मनाए जाने वाले अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर जामताड़ा में विशाल तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। बैठक में यात्रा को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत बजरंग दल के जिला संयोजक जीत दुबे को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद आयोजित बैठक में तिरंगा यात्रा की रूपरेखा, संभावित मार्ग, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तथा प्रचार-प्रसार की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि यह यात्रा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 14 अगस्त को मनाया जाने वाला अखंड भारत संकल्प दिवस देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रीय गौरव को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को तिरंगा यात्रा से जोड़ने और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस वर्ष की तिरंगा यात्रा जिले की सबसे बड़ी और यादगार यात्राओं में शामिल होगी।
बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि यात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देंगे और समाज के सभी वर्गों को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। संगठन का उद्देश्य तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को हर गांव और हर मोहल्ले तक पहुंचाना बताया गया।
बैठक में जिला मंत्री संजय परशुरामका, जिला संयोजक जीत दुबे, प्रखंड अध्यक्ष संतोष सिंह, प्रखंड मंत्री अजीत बर्नवाल, प्रखंड संयोजक पार्थ चक्रवर्ती, गौ रक्षा प्रमुख सुजीत राउत, मिलन प्रमुख राणा बाउरी, मीडिया प्रभारी तपू घोष, जयंत चंद्र, विकास मंडल सहित बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा





