धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनदाहा गांव में रविवार रात जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई इस खूनी झड़प में कई लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक की हालत तीर लगने के कारण गंभीर बनी हुई है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय विनय कुमार महतो के सीने में तीर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा शंभु महतो, अरुण कुमार महतो, जयराम महतो और मोहन महतो भी मारपीट और पथराव की घटना में घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने सभी घायलों को तुरंत राजगंज के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।

 

डॉक्टरों ने विनय महतो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

 

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को एक पक्ष द्वारा विवादित जमीन पर काम शुरू किया गया, जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव शुरू हो गया। इसी दौरान किसी ने तीर चला दिया, जो सीधे विनय कुमार महतो के सीने में जा लगा और वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना में घायल जयराम महतो ने पुलिस के समक्ष सुरेंद्र हेंब्रम और धीरेन्द्र हेंब्रम समेत अन्य लोगों पर मारपीट और जबरन जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है।

 

वहीं मामले को लेकर राजगंज थाना प्रभारी अलिशा कुमारी ने बताया कि यह घटना जमीन विवाद के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

 

फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस एहतियातन इलाके में निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *