धनबाद से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां आईएसएम गेट के पास हुए एक भीषण दुर्घटना में सीआईडी की महिला एएसआई शैलू प्रभा जयंती तिर्की की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, शैलू प्रभा जयंती तिर्की दुमका सीआईडी में पदस्थापित थीं और सरहुल पर्व मनाने के लिए अपने घर रांची के मोरहाबादी सरायटांड़ आई हुई थीं। पर्व समाप्त होने के बाद सोमवार को वह अपने पति सुरेश उरांव के साथ बाइक से दुमका लौट रही थीं, जहां उन्हें ड्यूटी ज्वाइन करनी थी।

 

इसी दौरान धनबाद के आईएसएम गेट के समीप अचानक सड़क पर एक ओर से आ रही ऑटो और दूसरी ओर से बाइक के बीच टक्कर की स्थिति बन गई। इस टक्कर से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और शैलू प्रभा जयंती तिर्की सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

 

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला एएसआई को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन सिर और शरीर में आई गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

 

वहीं इस हादसे में उनके पति सुरेश उरांव भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है। सहकर्मियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित अधिकारी बताया है।

 

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *