पटना: राजधानी पटना में ब्लैकमेलिंग और ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राजीव नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक डॉक्टर को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर करीब 2.03 करोड़ रुपये वसूलने का आरोप है। डॉक्टर की पत्नी ने मुजफ्फरपुर की एक कोचिंग संचालिका, उसके पति और एक अन्य सहयोगी के खिलाफ राजीव नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजीव नगर थाना प्रभारी ओंकार कुमार के मुताबिक, डॉक्टर की ओर से करीब पांच दिन पहले आवेदन दिया गया था। पुलिस आवेदन के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
इलाज के नाम पर शुरू हुई मदद: डॉक्टर की पत्नी के अनुसार, वर्ष 2024 में डॉक्टर की दोस्ती मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा की रहने वाली एक कोचिंग संचालिका से हुई। व्हाट्सऐप पर बातचीत के बाद महिला ने अपनी मां के इलाज के नाम पर पहली बार 20 हजार रुपये मांगे। डॉक्टर ने मदद करते हुए रकम दे दी। इसके बाद अलग-अलग बहानों से लगातार पैसे मांगे जाते रहे और डॉक्टर ने करीब 4-5 लाख रुपये दे दिए।
रेप के झूठे केस की धमकी: आरोप है कि बाद में महिला ने कोचिंग संस्थान खोलने के लिए 10 लाख रुपये मांगे। नवंबर 2025 में डॉक्टर को मुशहरी स्थित कार्यालय बुलाकर एक पुरानी सेल्फी दिखाते हुए धमकी दी गई कि पैसे नहीं देने पर दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज करा दिया जाएगा।
डॉक्टर की पत्नी का आरोप है कि लोक-लाज और प्रतिष्ठा खराब होने के डर से डॉक्टर पैसे देते रहे। 18 दिसंबर 2025 को मुजफ्फरपुर कोर्ट में एक लीगल डिक्लेरेशन भी दिया गया, जिसमें तब तक दिए गए 1 करोड़ 32 लाख 64 हजार 960 रुपये का जिक्र था।
इसके बाद भी कथित तौर पर पैसों की मांग जारी रही। डॉक्टर ने बैंक लोन, जीपीएफ, जमा पूंजी और दोस्तों से कर्ज लेकर करीब 58 लाख रुपये और दिए। 5 जुलाई 2026 को फिर 10 लाख रुपये की मांग की गई।
अब डॉक्टर की पत्नी ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस की सलाह: अगर कोई व्यक्ति झूठे केस में फंसाने या ब्लैकमेल करने की धमकी देकर पैसे मांगता है, तो रकम देने के बजाय तुरंत पुलिस या साइबर क्राइम अधिकारियों को सूचना दें।






