अपहरण के बाद युवक की हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी बेंगलुरु से गिरफ्तार; पूछताछ में कबूला जुर्म

पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अपहरण एवं हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ राहुल राम उर्फ राहुल चंद्रवंशी को कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित राजनकुंटे इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी तकनीकी अनुसंधान और लगातार की गई छापेमारी के आधार पर 29 जुलाई को की गई। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को सहदेवा गांव निवासी ठाकुर दयाल मेहता ने पाटन थाना में अपने पुत्र प्रभात कुमार मेहता के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि राहुल राम अपने साथियों के साथ प्रभात को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। इस शिकायत के आधार पर पाटन थाना कांड संख्या-120/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

 

जांच के दौरान 26 जुलाई को करोरिया स्थित पांडेयपुरा गांव के एक निर्माणाधीन मकान से प्रभात कुमार मेहता का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह प्रभात के साथ ब्राउन शुगर का सेवन करने एक निर्माणाधीन मकान में गया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश याद आने पर उसने ईंट से प्रभात के सिर पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। बाद में प्रभात की मौत की जानकारी मिलने पर वह डर के कारण बेंगलुरु भाग गया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सहयोगियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।

 

गिरफ्तार आरोपी के पास से दो सिम वाला एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी अपहरण, मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पाटन थाना में दर्ज हैं।

 

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले की जांच जारी है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

संवाददाता : सत्यम शुक्ला, पलामू

Related Posts

बोल बम के जयघोष के साथ दलाबड़ गांव से देवघर बाबाधाम के लिए रवाना हुआ कांवड़ियों का जत्था

सावन माह की पावन बेला में शिवभक्ति का उत्साह चरम पर है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जामताड़ा जिले के दलाबड़ गांव से दर्जनों शिवभक्तों का कांवड़ियों का जत्था बाबा…

जामताड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन, बैंक अधिकारी बनकर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

साइबर अपराध की राजधानी के रूप में पहचान बना चुके जामताड़ा में पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *