चैनपुर गोलीकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नौ आरोपी गिरफ्तार; पूछताछ में सभी ने स्वीकार की संलिप्तता

चैनपुर थाना क्षेत्र के बन्दुआ गांव में नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ के विवाद को लेकर 29 जुलाई को हुई गोलीबारी और चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना में पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई को बन्दुआ गांव में दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इस दौरान हुई गोलीबारी और चाकूबाजी में एक व्यक्ति गोली लगने से तथा दो अन्य लोग चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चाकू से गंभीर रूप से घायल मकबूल की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

 

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसराफ मियां, सरातुल मियां, शहबाज मियां, तबरेज आलम, इसराफिल मियां, सोनू मियां, गोकुल मियां, शेरु मियां तथा पालु मियां को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

 

इस मामले में चैनपुर थाना कांड संख्या 175/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल का एक खोखा, दो बेल्ट, खून से सना धारदार चाकू तथा घटनास्थल से उठाए गए ब्लड सैंपल जब्त किए हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी गोकुल मियां के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।

 

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

संवाददाता – सत्यम शुक्ला

  • Related Posts

    निशा भगत मामले को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, नाला में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन

    आदिवासी नेत्री निशा भगत के मामले को लेकर भाजपा नाला मंडल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बजरंगबली चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का…

    तिलाबनी में हुई मासिक गुरु गोष्ठी, विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा कर बीईईओ ने शिक्षकों को दिए सख्त निर्देश

    जामताड़ा उत्क्रमित मध्य विद्यालय तिलाबनी के हॉल में शनिवार को नवंबर 2026 की मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) मिलन कुमार घोष…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *