पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के विरोध में बुधवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने जामताड़ा में जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राजाराम उर्फ मनतोष कुमार महतो के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शहर के इंदिरा चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया और छात्रहितों की रक्षा को लेकर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देशभर के लाखों छात्र-युवा निष्पक्ष परीक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और समयबद्ध नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में गंभीर नहीं दिख रही है। वक्ताओं ने कहा कि NEET सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से छात्रों का भरोसा परीक्षा व्यवस्था से उठता जा रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनतोष कुमार महतो ने कहा कि हर छात्र अपनी मेहनत का उचित सम्मान चाहता है। यदि परीक्षा प्रणाली पारदर्शी नहीं होगी तो योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा योग्य अभ्यर्थियों को बिना किसी भेदभाव के समान अवसर उपलब्ध कराया जाए।
अपने संबोधन में उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई पुलिस कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और उसका दमन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
JLKM नेताओं ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय से इसकी निष्पक्षता को लेकर संदेह व्यक्त किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को डुमरी विधायक एवं JLKM के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो ने राजभवन और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर JPSC भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र और निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराने की मांग की थी।
प्रदर्शन के दौरान “पेपर लीक बंद करो”, “शिक्षा में भ्रष्टाचार बंद करो”, “छात्र एकता जिंदाबाद” और “छात्रों पर लाठीचार्ज बंद करो” जैसे नारों से पूरा इंदिरा चौक गूंज उठा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों की अनदेखी की गई तो संवैधानिक दायरे में रहकर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।




