झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की पहल पर बुधवार को धनबाद के नियोजनालय भवन में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 19 निजी कंपनियों ने भाग लेकर कुल 1976 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे। विभिन्न कंपनियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया और योग्य उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें मौके पर ही ऑफर लेटर भी प्रदान किए।
रोजगार मेले का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और कंपनियों को योग्य मानव संसाधन उपलब्ध कराना था। मेले में शामिल कंपनियों ने तकनीकी, उत्पादन, सेवा और अन्य क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की।
इस रोजगार मेले की खास बात यह रही कि कुल 1976 रिक्त पदों में से 760 पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए। इससे महिला अभ्यर्थियों को भी रोजगार के समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिला उम्मीदवारों ने भी मेले में भाग लेकर विभिन्न कंपनियों में आवेदन किया।
जिला नियोजन पदाधिकारी पदमा कुमारी ने कहा कि इस तरह के रोजगार मेले युवाओं के लिए सुनहरा अवसर हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपनी योग्यता, कौशल और आत्मविश्वास के साथ रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार ऐसे आयोजन कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला श्रम अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। रोजगार मेले के माध्यम से निजी कंपनियों और युवाओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
रोजगार मेले में पहुंचे अभ्यर्थियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को बिना किसी बिचौलिये के सीधे कंपनियों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।





