सहरसा जिले के नवहट्टा नगर पंचायत निवासी मोहम्मद फेजूल रहमान के पुत्र मोहम्मद रहमत अली ने देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET 2026 में 620 अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे नवहट्टा नगर पंचायत और सहरसा जिले में खुशी का माहौल है। रहमत अली की सफलता को क्षेत्र के लोगों ने मेहनत, अनुशासन और लगन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।
रहमत अली ने सीमित संसाधनों के बीच निरंतर अध्ययन और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
रहमत अली की सफलता पर नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक तथा युवा नेता उनके आवास पहुंचे। सभी ने उन्हें फूल-माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि रहमत अली की सफलता क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में नवहट्टा से और भी छात्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करेंगे।
सम्मान समारोह के दौरान रहमत अली ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, समय का सही प्रबंधन और कठिन परिश्रम ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन से तैयारी करें और कभी भी असफलता से निराश न हों। उनका सपना एक सफल डॉक्टर बनकर समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।
रहमत अली की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में बधाइयों का सिलसिला जारी है। स्थानीय लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी अपनी प्रतिभा से जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
संवाददाता : इन्द्रदेव, सहरसा








