
दीपावली एवं छठ महापर्व को लेकर सहरसा में विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारी की है। त्योहारों के दौरान बिजली की बढ़ती खपत और संभावित तकनीकी समस्याओं को देखते हुए विभाग की ओर से बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है।
इसके तहत जिले के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों, ट्रांसफॉर्मरों और बिजली लाइनों का निरीक्षण एवं आवश्यक रखरखाव कराया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि दीपावली में घरों और प्रतिष्ठानों की रोशनी से लेकर छठ घाटों तक बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इसके लिए तकनीकी टीमों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।
इस संबंध में विद्युत कार्यपालक अभियंता ई. अमित कुमार ने बताया कि दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए विभाग ने पहले से ही आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पर्व के दौरान विभागीय अधिकारी और कर्मचारी लगातार निगरानी करेंगे। कहीं भी बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी या तकनीकी समस्या आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए फ्यूज कॉल सेंटर और कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा जाएगा। इसके माध्यम से उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने का प्रयास किया जाएगा।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। बिजली से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए उपभोक्ता 06478-222364 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9264456421 और टोल फ्री नंबर 1912 पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
विद्युत विभाग ने भरोसा दिलाया है कि त्योहारों के दौरान बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से काम करेंगे, ताकि लोगों को दीपावली और छठ महापर्व के दौरान बिजली की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।





