विवाह वर्षगांठ पर शर्मिला वर्मा ने लगाया रक्तदान शिविर, दर्जनों लोगों ने किया रक्तदान, मानवता का दिया संदेश

समाज सेवा का संकल्प जब व्यक्तिगत खुशियों से जुड़ जाता है, तो वह दूसरों के लिए प्रेरणा बन जाता है। इसी सोच के साथ वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की सचिव शर्मिला वर्मा ने अपनी विवाह वर्षगांठ के अवसर पर डालटनगंज स्थित आईएमए हॉल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। इससे किसी प्रकार की शारीरिक परेशानी नहीं होती, बल्कि स्वास्थ्य लाभ भी मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है।

 

पूर्व वार्ड पार्षद ट्विंकल गुप्ता ने कहा कि रक्तदान समाज के प्रति सबसे बड़ी सेवा है और इसका सकारात्मक प्रभाव जीवन पर पड़ता है। उन्होंने वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए स्वयं भी रक्तदान किया।

 

संस्था की सचिव शर्मिला वर्मा ने कहा कि जीवन के विशेष अवसरों को समाजहित में समर्पित करना चाहिए। उन्होंने बताया कि संस्था लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चला रही है। सड़क दुर्घटनाओं में समय पर रक्त नहीं मिलने से कई लोगों की जान चली जाती है। संस्था का प्रयास है कि किसी भी जरूरतमंद और थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।

 

कार्यक्रम में विकास दुबे, अविनाश देव और ललन प्रजापति ने भी रक्तदान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे प्रेरणादायक पहल बताया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।

 

शिविर को सफल बनाने में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष मन्नत सिंह बग्गा, जिला कार्यक्रम समन्वयक मंजू चंद्रा सहित संस्था के कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर में शर्मिला वर्मा, मंजू चंद्रा, गुंजन अग्रवाल, किरण राज, पूजा मिश्रा, प्रियंका मिश्रा और साहिल तिवारी सहित कई लोगों ने रक्तदान किया। अंत में ट्रस्ट की ओर से सभी रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया।

 

संवाददाता : सत्यम शुक्ला, पलामू (झारखंड)

Related Posts

कर्माटांड़ के तेलकियारी गांव में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई मां बिपदतरिणी पूजा, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कर्माटांड़ के तेलकियारी गांव में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई मां बिपदतरिणी पूजा, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

किसान के बेटे विभांशु राज ने तीसरे प्रयास में फतह किया NEET 2026, AIR 12,672 के साथ सिमरी बख्तियारपुर का बढ़ाया मान

किसान के बेटे विभांशु राज ने तीसरे प्रयास में फतह किया NEET 2026, AIR 12,672 के साथ सिमरी बख्तियारपुर का बढ़ाया मान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *