बोकारो में प्रिंस खान गैंग का सहयोगी गिरफ्तार, बीएमडब्ल्यू प्लांट से रंगदारी मांगने का आरोप
बोकारो। बोकारो पुलिस को रंगदारी मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बीएमडब्ल्यू प्लांट को धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले में कुख्यात प्रिंस खान गैंग के कथित स्थानीय सहयोगी राकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी गैंग के निर्देश पर कंपनी प्रबंधन तक धमकी भरा संदेश पहुंचाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने में शामिल था।
जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को बीएमडब्ल्यू प्लांट के मैनेजर सुरेश कुमार सिंह ने बालीडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि फैक्ट्री संचालन के एवज में रंगदारी की मांग की जा रही है और मांग पूरी नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस ने विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर राकेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रिंस खान के संपर्क में था और उसके निर्देश पर धमकी भरा पर्चा तैयार कर कंपनी तक पहुंचाया गया था। बाद में उसी पर्चे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल किया गया, जिससे कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों में भय का माहौल पैदा हो सके।
पुलिस के अनुसार इस पूरे काम के बदले आरोपी को दो अलग-अलग बैंक खातों में कुल डेढ़ लाख रुपये प्राप्त हुए थे। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से व्हाट्सएप कॉल रिकॉर्ड, चैट, बैंकिंग लेनदेन से जुड़े दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं एसआईटी अब प्रिंस खान गैंग के अन्य सहयोगियों, फंडिंग नेटवर्क और रंगदारी सिंडिकेट से जुड़े लोगों की पहचान में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा होने तक कार्रवाई जारी रहेगी।
संवाददाता : चंदन सिंह