धनबाद के बोआकला अंडरपास में जलभराव पर खबर का असर, निरीक्षण के लिए पहुंचे डीआरएम अखिलेश मिश्रा
धनबाद। ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र स्थित बोआकला रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया है। हल्की बारिश में ही अंडरपास के तालाब में तब्दील हो जाने और लोगों की आवाजाही बाधित होने की खबर सामने आने के बाद धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा स्वयं अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।
बोआकला रेलवे अंडरपास में हर वर्ष बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश के बाद भी अंडरपास में पानी भर जाता है, जिससे पैदल यात्रियों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोगों को लंबा रास्ता तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है।
समस्या को लेकर लगातार उठ रही आवाज और मीडिया में प्रमुखता से खबर प्रसारित होने के बाद डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर अंडरपास का निरीक्षण किया। उन्होंने जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान ग्रामीणों ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपते हुए अंडरपास में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही स्थिति में सुधार लाने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
संवाददाता : नीतीश कुमार