धनबाद मानसून के दौरान कोयले के निर्बाध उत्पादन, सुरक्षित परिवहन और आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मनोज कुमार अग्रवाल ने बस्ताकोला स्थित विकास भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, एचओडी और प्रबंधन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मानसून के दौरान खदानों में जलजमाव की रोकथाम, उत्पादन प्रभावित न हो इसके लिए आवश्यक तैयारियों तथा सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर विस्तार से चर्चा की गई। सीएमडी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के मौसम में भी कोयला उत्पादन और परिवहन किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए। इसके लिए सभी क्षेत्रों में नियमित निगरानी और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि बीसीसीएल की प्राथमिकता सुरक्षित कार्य वातावरण के साथ निर्धारित उत्पादन लक्ष्य हासिल करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान दुर्घटना-मुक्त कार्य प्रणाली बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सीएमडी ने कहा कि केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोयलांचल के किसी भी क्षेत्र में अवैध उत्खनन और कोयला चोरी की गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। संबंधित एजेंसियों के समन्वय से ऐसे तत्वों के मंसूबों को विफल किया जा रहा है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।
बीसीसीएल प्रबंधन का कहना है कि मानसून के दौरान उत्पादन, सुरक्षा और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि देश की ऊर्जा जरूरतों के अनुरूप कोयले की निर्बाध आपूर्ति बनी रहे।
संवाददाता: राजेश कुमार, धनबाद






