रोजगार की मांग पर बीसीसीएल के पीबी एरिया कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल, प्रबंधन से वार्ता विफल

धनबाद बीसीसीएल के पुटकी-बलिहारी (पीबी) क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और 11 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। पूर्व पंचायत समिति सदस्य रूपेश पासवान अपने समर्थकों के साथ पीबी एरिया कार्यालय के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। देर रात तक बीसीसीएल प्रबंधन के साथ कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी।

 

आंदोलनकारियों का कहना है कि पुटकी-बलिहारी क्षेत्र में कार्यरत आउटसोर्सिंग कंपनियों में स्थानीय युवाओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है। रोजगार में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने, विस्थापितों के हितों की रक्षा करने तथा अन्य 11 सूत्री मांगों को लेकर 13 दिन पहले बीसीसीएल प्रबंधन को मांगपत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में मंगलवार से भूख हड़ताल शुरू की गई।

 

भूख हड़ताल में बड़ी संख्या में स्थानीय युवक और समर्थक शामिल हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि क्षेत्र की परियोजनाओं से प्रभावित होने के बावजूद स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है, जिससे युवाओं में भारी नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

 

देर रात पीबी एरिया के महाप्रबंधक जयंत कुमार दास आंदोलन स्थल पहुंचे और रूपेश पासवान सहित प्रतिनिधियों से लंबी बातचीत की। उन्होंने आंदोलन समाप्त करने की अपील करते हुए मांगों पर विचार का भरोसा दिलाया, लेकिन वार्ता किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।

 

रूपेश पासवान ने स्पष्ट कहा कि केवल मौखिक आश्वासन स्वीकार नहीं किया जाएगा। जब तक 11 सूत्री मांगों पर लिखित सहमति और कार्रवाई की समय-सीमा नहीं दी जाती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।

 

वार्ता विफल होने के बाद आंदोलन देर रात तक जारी रहा। अब लोगों की निगाहें बीसीसीएल प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।

 

 

Related Posts

बोकारो में ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की गई जान, पहचान में जुटी पुलिस

बोकारो में ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की गई जान, पहचान में जुटी पुलिस

SIR फॉर्म के नाम पर अवैध वसूली पर प्रशासन का एक्शन, धनबाद में साइबर कैफे सील

SIR फॉर्म के नाम पर अवैध वसूली पर प्रशासन का एक्शन, धनबाद में साइबर कैफे सील

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *