बोकारो पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, चोरी की 9 बाइक बरामद; खरीद-बिक्री करने वाला गिरफ्तार

बोकारो पुलिस ने वाहन चोरी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। हरला थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक अपाचे मोटरसाइकिल की जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की कुल 9 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मामले में धनबाद निवासी अरमान कुमार यादव उर्फ अमन कुमार (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

 

Sponsored Advertisement

सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को सेक्टर-9/डी निवासी सुदेश कुमार की अपाचे मोटरसाइकिल (JH10-CR-3079) हरला थाना क्षेत्र से चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

 

जांच के दौरान सेक्टर-6/सी निवासी एक विधि-विरुद्ध किशोर को हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलुडीह खटाल, छाताबाद स्थित अरमान कुमार यादव के ठिकाने पर छापेमारी की गई। वहां से चोरी की अपाचे बाइक समेत बोकारो के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई कुल 9 मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

 

पूछताछ में खुलासा हुआ कि अरमान कुमार यादव चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हरला थाना और सेक्टर-6 थाना में वाहन चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस को आशंका है कि चोरी की इन मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल विभिन्न आपराधिक और अवैध गतिविधियों में किया जाता था।

 

फिलहाल पुलिस बरामद सभी मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही वाहन चोर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे भी कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

 

संवाददाता: चंदन सिंह

  • Related Posts

    जामताड़ा: भारतीय जनता मजदूर मंच ने नाला प्रखंड कमेटी का किया विस्तार, ब्रजकिशोर सिंह बने जिला उपाध्यक्ष

    जामताड़ा। भारतीय जनता मजदूर मंच के बैनर तले शनिवार को नाला प्रखंड कमेटी के विस्तार को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और मजदूरों के…

    जामताड़ा में दुर्गा पूजा-दीपावली को लेकर पुलिस-व्यापारी समन्वय बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर बनी रणनीति

    जामताड़ा। आगामी दुर्गा पूजा और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को जामताड़ा टाउन थाना परिसर में पुलिस और व्यापारियों की महत्वपूर्ण समन्वय…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *