स्वच्छ भारत मिशन पर सवाल: भागलपुर के 87 वर्षीय स्कूल के मुख्य द्वार पर कचरे का अंबार, बदबू के बीच परीक्षा देने को मजबूर छात्र


भागलपुर। प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान के तहत देशभर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन भागलपुर शहर के नाथनगर रेलवे स्टेशन रोड स्थित सुखराय उच्च माध्यमिक विद्यालय की स्थिति इस अभियान की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रही है। वर्ष 1939 से संचालित यह विद्यालय आज भी हजारों विद्यार्थियों की शिक्षा का केंद्र है और मैट्रिक, इंटर सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का परीक्षा केंद्र भी बनाया जाता है।


वर्तमान में विद्यालय को बीएससी नर्सिंग परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां दूर-दूर से विद्यार्थी अपने भविष्य को संवारने के लिए परीक्षा देने पहुंच रहे हैं। लेकिन विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने ही नगर निगम द्वारा कचरा डंप किए जाने से छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Sponsored Advertisement


विद्यालय परिसर में प्रवेश करते ही कचरे के ढेर से उठने वाली दुर्गंध लोगों का स्वागत करती है। परीक्षा देने आए विद्यार्थियों को बदबू के बीच घंटों बैठकर परीक्षा देनी पड़ती है। कई छात्र-छात्राओं ने बताया कि दुर्गंध के कारण ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई होती है। वहीं विद्यालय के शिक्षक और स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और बीमारी फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है।


स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार और शिक्षा विभाग बच्चों को स्वच्छता का संदेश देते हैं, वहीं दूसरी ओर विद्यालय के सामने कचरे का अंबार स्वच्छता अभियान की वास्तविक स्थिति को उजागर कर रहा है।


गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है। कचरे से उठने वाली दुर्गंध तथा संक्रमण का खतरा आसपास के लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम से अविलंब विद्यालय के सामने जमा कचरे को हटाने तथा स्थायी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य और उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो तथा स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य धरातल पर भी दिखाई दे सके।

  • Related Posts

    सुल्तानगंज में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, देसी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार

    भागलपुर: सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी वारदात की कथित साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए एक युवक को देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की…

    भागलपुर में पुलिस ने नाकाम की बड़ी वारदात की आशंका, देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार

    भागलपुर: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के परवत्ता इलाके में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवक किसी…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *