जामताड़ा में जनता दरबार: डीसी ने सुनीं 50 से अधिक फरियादें, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान

जामताड़ा: आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जामताड़ा के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित किया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे 50 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं डीसी के समक्ष रखीं। इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया।

 

उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि अब प्रत्येक मंगलवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नियमित रूप से जनता दरबार लगाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। प्रशासन की प्राथमिकता है कि नियमों के अनुरूप सभी मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन हो।

 

जनता दरबार में सबसे अधिक शिकायतें जमीन विवाद, सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित रहीं। गोचर भूमि पर अतिक्रमण, अवैध म्यूटेशन, वन भूमि की अवैध बिक्री और रास्ता अवरुद्ध करने जैसी शिकायतों पर डीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। नाला प्रखंड के एक अतिक्रमण मामले में न्यायालय के आदेश के अनुपालन के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त करने का निर्देश भी दिया गया।

 

मईया सम्मान योजना से जुड़ी शिकायतों पर भी गंभीरता दिखाई गई। जिन महिलाओं का नाम दस्तावेजी त्रुटियों के कारण सूची से हट गया था, उनके अभिलेखों में सुधार कर पोर्टल खुलने पर प्राथमिकता के आधार पर नाम जोड़ने का निर्देश दिया गया। वहीं जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि कई लाभुकों के खातों में तीन माह की राशि पहले ही भेजी जा चुकी है।

 

स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए चलने-फिरने में असमर्थ व्यक्ति का घर जाकर आधार कार्ड बनाने, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, पेंशन और अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। शिक्षा, बिजली बिल, नाली निर्माण, पीएम आवास और अन्य विकास योजनाओं से संबंधित शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा गया।

 

उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दरबार इसी उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।

 

संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा

Related Posts

ग्रामीणों की सजगता से बची हिरण की जान, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

नारायणपुर (जामताड़ा): जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत चम्पापुर गांव में मंगलवार को वन्यजीव संरक्षण की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। गांव में भटककर पहुंचे एक भूरे हिरण को…

आस्था की मिसाल: 160 किमी की साष्टांग दंडी यात्रा पर निकले बंगाल के शिवभक्त कुणाल, नाला में हुआ भव्य स्वागत

  सावन में शिवभक्ति का अद्भुत दृश्य, मानव कल्याण के लिए कर रहे हैं बाबा बैद्यनाथ धाम तक की कठिन यात्रा सावन के पवित्र महीने में आस्था और संकल्प की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *