झारखंड के धनबाद जिले से चोरी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक चोर ने जिस घर से टुल्लू पंप और अन्य सामान की चोरी की थी, कुछ दिनों बाद वही चोरी का सामान बेचने के लिए उसी परिवार के सदस्य के घर पहुंच गया। चोर की इस बड़ी भूल ने उसकी पोल खोल दी। पहचान होने के बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया, जमकर पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना बलियापुर थाना क्षेत्र के डांगेपाड़ा न्यू कॉलोनी की है। यहां रहने वाले साधु पाल के घर करीब एक सप्ताह पहले चोरी हुई थी। उस समय घर में कोई नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया। इसके बाद घर के अंदर रखे चार पंखे और एक टुल्लू पंप सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए।
चोरी की घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बलियापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही अपने स्तर पर भी चोरी गए सामान और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच एक युवक चोरी किया गया टुल्लू पंप बेचने के इरादे से साधु पाल के भाई के घर पहुंच गया। जब परिजनों ने पंप को ध्यान से देखा तो उन्हें शक हुआ कि यह वही पंप है जो कुछ दिन पहले उनके घर से चोरी हुआ था।
पूछताछ के दौरान युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया गया। ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर बलियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की वारदात में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा चोरी किया गया अन्य सामान कहां रखा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता: राजेश कुमार







