पटना: बिहार के गोपालगंज के दो युवा ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य का नाम रोशन करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के रामपुर की रहने वाली रिया सिंह और बरौली विधानसभा क्षेत्र के रतनसराय निवासी भवानी सिंह का चयन भारतीय ताइक्वांडो टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 21 सितंबर तक दक्षिण कोरिया के चिन्चुन शहर में होगा। इस प्रतियोगिता में रिया सिंह और भवानी सिंह ताइक्वांडो की फ्रीस्टाइल पुमसे स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन और कई उपलब्धियां हासिल करने के बाद दोनों खिलाड़ियों को भारतीय टीम में जगह मिली है।
मुख्यमंत्री ने दी दो-दो लाख रुपये की सहायता
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए दोनों खिलाड़ियों को आर्थिक मदद भी दी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिया सिंह और भवानी सिंह को यात्रा समेत अन्य जरूरी खर्चों के लिए दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इससे दोनों खिलाड़ियों के लिए दक्षिण कोरिया जाकर प्रतियोगिता में हिस्सा लेना आसान होगा।
शिक्षा मंत्री की पहल से मिली मदद
दोनों खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता दिलाने में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल अहम रही। उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने खिलाड़ियों की जरूरत और प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए आवश्यक आर्थिक मदद का मुद्दा रखा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को सहायता देने की घोषणा की।
2023 से लगातार शानदार प्रदर्शन
रिया सिंह और भवानी सिंह वर्ष 2023 से ताइक्वांडो फ्रीस्टाइल पुमसे चैंपियनशिप में लगातार हिस्सा ले रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में दोनों ने स्वर्ण पदक समेत कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन के आधार पर ही भारतीय टीम में चयन हुआ है।
अब दोनों खिलाड़ियों के सामने विश्व मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने की चुनौती है। उनके चयन से गोपालगंज के साथ-साथ पूरे बिहार में उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों और परिवारों को उम्मीद है कि रिया और भवानी दक्षिण कोरिया में शानदार प्रदर्शन कर देश और बिहार का नाम रोशन करेंगे।





