धनबाद के सात केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच नीट यूजी पुनर्परीक्षा जारी, तीन स्तरीय जांच के बाद मिला प्रवेश

धनबाद: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा रविवार को धनबाद जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। पेपर लीक मामले के बाद आयोजित इस पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू हुई, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

 

Sponsored Advertisement

लूबी सर्कुलर रोड स्थित श्री श्री लक्ष्मी नारायण महिला महाविद्यालय (एसएसएलएनटी) परीक्षा केंद्र पर करीब 600 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। केंद्र पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की तीन चरणों में सघन जांच की गई। पहले चरण में एडमिट कार्ड और प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच, दूसरे चरण में फोटो और चेहरे का सत्यापन तथा तीसरे चरण में पंजीकरण से संबंधित दस्तावेजों का मिलान किया गया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई।

 

एसएसएलएनटी केंद्र पर तैनात दंडाधिकारी सह बलियापुर अंचलाधिकारी मुरारी लाल नायक ने बताया कि एनटीए के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता रोकने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। सभी केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ सीसीटीवी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

 

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के सभी सात परीक्षा केंद्रों पर एक-एक मजिस्ट्रेट, डीएसपी स्तर के अधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

 

परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि इस बार परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी। वहीं अभिभावकों ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का मनोबल प्रभावित होता है। उन्होंने सरकार और संबंधित एजेंसियों से ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

 

संवाददाता: नीतीश कुमार

  • Related Posts

    IIT-ISM धनबाद में 6वें भारतीय राष्ट्रीय भूजल सम्मेलन का शुभारंभ, घटते जलस्तर और भूजल संरक्षण पर मंथन

    धनबाद। जिले के प्रतिष्ठित आईआईटी आईएसएम धनबाद में 6वें भारतीय राष्ट्रीय भूजल सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से वैज्ञानिक, शोधकर्ता, स्कॉलर्स और भूजल विशेषज्ञ शामिल…

    बाल हितैषी पंचायत के निर्माण को लेकर प्रशिक्षण सह कार्यशाला, विभिन्न हितधारकों की भूमिका पर हुई चर्चा

    सहरसा। जिला बाल संरक्षण इकाई एवं कवच समग्र शिक्षण एवं विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में कवच परियोजना के अंतर्गत बाल हितैषी पंचायत के निर्माण को लेकर विभिन्न हितधारकों की…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *