
रिश्तों की मिठास हो, अपनों का साथ हो,
हर चेहरे पर मुस्कान हो, हर घर में उजास हो।
दीपावली का असली संदेश भी यही है,
खुशियां तभी मुकम्मल हैं, जब सबके हिस्से में प्रकाश हो।
इसी संदेश को जमीन पर उतारने की एक खूबसूरत पहल सहरसा जिला प्रशासन की ओर से देखने को मिली। दीपावली के अवसर पर जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार जिले के वरीय अधिकारियों के साथ गांधीपथ स्थित दलित बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने बस्ती के बच्चों और स्थानीय लोगों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया।
इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों के साथ दीप जलाए और फुलझड़ियां छोड़कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। बच्चों के बीच मिठाइयां भी बांटी गईं। प्रशासन के अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। कुछ देर के लिए पूरी बस्ती दीपावली के उत्साह और उमंग में सराबोर हो गई। अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ त्योहार का आनंद लिया।
इस मौके पर जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि गांधीपथ की दलित बस्ती में बच्चों और स्थानीय लोगों के साथ दीपावली मनाकर उन्हें बेहद खुशी मिली। उन्होंने कहा कि यहां आकर जो आनंद और आत्मीयता महसूस हुई, वह अन्य खुशियों से कहीं ज्यादा खास रही। इस आयोजन ने उन्हें एक अलग तरह की खुशी दी।
जिलाधिकारी ने जिले के सभी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
जिला प्रशासन की इस पहल के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि त्योहार केवल अपने परिवार तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां साझा करना ही पर्व की वास्तविक भावना है।





