भागलपुर: जिले के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत आजमाबाद में जलकर विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में 50 वर्षीय मातृ शर्मा उर्फ बुद्धदेव शर्मा घायल हो गए। गोली उनके पैर में लगी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, आजमाबाद में जलकर को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस संबंध में 19 नवंबर को थाने में आवेदन भी दिया गया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम करीब चार बजे जलकर उखाड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान बुद्धदेव शर्मा वहां मौजूद थे और पानी पी रहे थे। आरोप है कि तभी पीछे से किसी ने उनके पैर में गोली मार दी।
गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल बुद्धदेव शर्मा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंगरा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इस मामले में जयप्रकाश शर्मा, भीम मंडल, संजय मंडल, रघु मंडल और प्रकाश मंडल पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, गोपालपुर थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार ने बताया कि जलकर विवाद को लेकर पुलिस को पहले ही आवेदन प्राप्त हुआ था। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही थी। अब गोलीबारी की घटना को लेकर भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके में विवाद को लेकर एक बार फिर तनाव बढ़ गया है।






