बिहार के सहरसा जिले में बैजनाथपुर-सोनवर्षा राज मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सौरबाजार थाना क्षेत्र के अगजेबा पंचायत सरकार भवन के समीप बाइक और सीएनजी ऑटो को बचाने के प्रयास में गिट्टी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया। गनीमत रही कि घटना में किसी की जान नहीं गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिट्टी से लदा ट्रक सोनवर्षा राज से सौरबाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान अगजेबा पंचायत सरकार भवन के समीप सामने से एक बाइक और सीएनजी ऑटो आ रहे थे। दोनों वाहनों को बचाने के लिए ट्रक चालक ने अचानक अपना वाहन दूसरी ओर मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रक पर से उसका नियंत्रण हट गया और देखते ही देखते भारी-भरकम ट्रक सड़क किनारे पलट गया।
ट्रक पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जाता है कि ट्रक चालक वाहन के अंदर ही फंस गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज कराया जा रहा है।
घटना के दौरान ट्रक के कई पार्ट-पुर्जे टूटकर सड़क पर बिखर गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर चालक समय रहते बाइक और ऑटो को बचाने का प्रयास नहीं करता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, थोड़ी सी भी लापरवाही कई लोगों की जान पर भारी पड़ सकती थी।
फिलहाल घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।






