मुजफ्फरपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के संपन्न होने के बाद अब छठी मैया का महाप्रसाद देश-विदेश में रह रहे अपनों तक पहुंचाया जा रहा है। रोजगार और पढ़ाई के कारण जो लोग छठ में अपने घर नहीं पहुंच सके, उनके लिए भारतीय डाक विभाग ने खास व्यवस्था की है। मुजफ्फरपुर प्रधान डाकघर में बनाए गए विशेष काउंटर पर प्रसाद भेजने वालों की लगातार भीड़ उमड़ रही है। छठ के चार दिन बाद भी लोग अपने परिजनों के लिए प्रसाद की बुकिंग करा रहे हैं।
डाक विभाग के इस विशेष काउंटर पर प्रतिदिन करीब 50 से 100 पार्सल बुक किए जा रहे हैं। बिहार से दिल्ली, बेंगलुरु, महाराष्ट्र, पुणे, हैदराबाद और पश्चिम बंगाल समेत देश के अलग-अलग शहरों में प्रसाद भेजा जा रहा है। इतना ही नहीं, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में रहने वाले लोगों तक भी छठ का महाप्रसाद पहुंचाया जा रहा है।
डाकघर कर्मचारी रविरंजन कुमार के मुताबिक, मेट्रो शहरों में दो से तीन दिनों के भीतर पार्सल पहुंच रहा है, जबकि विदेशों में डिलीवरी में करीब सात से दस दिन का समय लग रहा है। रोजाना 50 से 100 पार्सल की बुकिंग हो रही है।
वहीं, प्रसाद भेजने पहुंचे अशोक कुमार ने बताया कि उनकी बेटी मुंबई में रहकर पढ़ाई करती है। पहली बार ऐसा हुआ कि बेटी छठ पूजा में घर नहीं आ सकी। ऐसे में उन्होंने डाकघर के माध्यम से डेढ़ किलो महाप्रसाद भेजा है, जिसके लिए 325 रुपये शुल्क देना पड़ा।
इसी तरह लक्की कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई हैदराबाद में नौकरी करते हैं। फ्लाइट का किराया पांच हजार से बढ़कर 40 हजार रुपये तक पहुंचने और काम की व्यस्तता के कारण वे घर नहीं आ सके। इसलिए उन्होंने डाक के जरिए भाई और रिश्तेदारों के पास प्रसाद भेजा है।
वहीं, प्रियेश राज ने भी अपने भाई के लिए दो कार्टन प्रसाद हैदराबाद भेजे हैं।
कुल मिलाकर भारतीय डाक विभाग की यह पहल उन परिवारों के लिए खुशियों की सौगात बन गई है, जिनके अपने हजारों किलोमीटर दूर रहते हैं। अब डाक के जरिए छठी मैया का महाप्रसाद उनके दरवाजे तक पहुंच रहा है और दूरी के बावजूद परिवारों की आस्था और परंपरा का जुड़ाव बना हुआ है।






