गोपालगंज: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपने परिवार के साथ गोपालगंज के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां थावे दुर्गा मंदिर पहुंचे। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बेटी रोहिणी आचार्य भी मौजूद रहीं। तीनों ने मां थावे भवानी के दरबार में मत्था टेका और विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने पूरे बिहार की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में लालू परिवार ने श्रद्धा के साथ माता रानी के चरणों में शीश झुकाया। पूजा के दौरान राज्य में तरक्की, आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की गई। वहीं, लालू परिवार के मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और राजद कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। अपने नेताओं को देखकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
दर्शन के बाद रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा कि आज मां-पापा के साथ थावे वाली मां के दर्शन और पूजा का सौभाग्य मिला। दर्शन और पूजन के बाद मन नए विश्वास और सुकून से भर गया। उन्होंने जय मां थावे भवानी का जयकारा भी लगाया।
थावे मंदिर के बाद ससुराल और पैतृक गांव पहुंचे लालू
धार्मिक कार्यक्रम के बाद लालू प्रसाद यादव अपने ससुराल सेलार पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इसके बाद वे अपने पैतृक गांव फुलवरिया पहुंचे। गांव में उन्होंने स्थानीय मंदिर में दर्शन किए और पुराने दोस्तों, परिचितों तथा रिश्तेदारों से मुलाकात की।
इस दौरान लालू यादव मीरगंज स्थित मरछिया देवी चौक भी पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी मां की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
लालू परिवार के इस दौरे को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल रहा। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोग और राजद कार्यकर्ता उनके स्वागत और अभिवादन के लिए मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच लालू यादव का यह दौरा धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक और पुराने रिश्तों से जुड़ी मुलाकातों के नाम रहा।






