पटना: बिहार में NEET UG परीक्षा में धांधली और फर्जी अभ्यर्थियों के जरिए परीक्षा पास कराने वाले संगठित नेटवर्क के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के कटरा निवासी बायोमेट्रिक कर्मी संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। उस पर मूल अभ्यर्थियों की जगह स्कॉलर बैठाने और बायोमेट्रिक सत्यापन में फर्जीवाड़ा करने का आरोप है।
दरअसल, EOU की जांच में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस धांधली में प्रत्येक अभ्यर्थी से 12 से 30 लाख रुपये तक वसूले जाते थे। लखीसराय, हाजीपुर, नवादा, नालंदा और अन्य जिलों में बायोमेट्रिक एजेंसी की संलिप्तता और फर्जी पहचान तैयार करने के मामले सामने आए हैं।
जांच में पूर्व में गिरफ्तार डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट से पूछताछ के दौरान संतोष कुमार की भूमिका सामने आई। आरोप है कि संतोष UIDAI के अधिकृत आधार एजेंट और कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों की मदद से मूल अभ्यर्थियों के स्थान पर स्कॉलर का बायोमेट्रिक अपडेट करवाता था। इसके साथ ही फोटो मिक्सिंग भी की जाती थी, ताकि परीक्षा केंद्र पर पहचान सत्यापन को बायपास किया जा सके।
यह धांधली NEET UG और Re-NEET UG दोनों परीक्षाओं से जुड़ी है। 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा को लेकर पावापुरी थाना में कांड संख्या 217/26 दर्ज हुआ था। वहीं, 21 जून को आयोजित Re-NEET UG परीक्षा में धांधली को लेकर लखीसराय के कजरा और किऊल थानों में भी मामले दर्ज किए गए थे।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए जांच EOU को सौंपी गई। इसके बाद 12 अगस्त 2026 को आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 18/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में NEET काउंसलिंग के दौरान फर्जी आय, विकलांगता और जाति प्रमाण पत्र के जरिए नामांकन कराने के मामलों का भी खुलासा हुआ है। फिलहाल EOU इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका खंगालने में जुटी है।






