समस्तीपुर में पंच पति की गोली मारकर हत्या, अगले महीने होनी थी बेटी की शादी; वारदात से गांव में मातम

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर हत्या की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरायरंजन थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने एक पंच पति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रायपुर बुजुर्ग पंचायत के वार्ड संख्या एक निवासी गांगो राय के 45 वर्षीय पुत्र सुबोध राय के रूप में हुई है। हत्या की इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

साइकिल से जा रहे सुबोध को अपराधियों ने बनाया निशाना

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग पंचायत अंतर्गत रसलपुर वार्ड संख्या छह की है। बताया जाता है कि सुबोध राय अपनी साइकिल से घर से करीब दो से ढाई किलोमीटर उत्तर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और कनपटी तथा सीने में सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, शुरुआती जांच में हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

अगले महीने होनी थी बेटी की शादी

इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। सुबोध राय की पत्नी धर्मशिला देवी अपने वार्ड की पंच हैं। उनके परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं। सबसे दुखद बात यह है कि उनकी बेटी की शादी अगले महीने होने वाली थी। शादी की तैयारियों के बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस

वहीं, सदर डीएसपी सुमित सुमन ने बताया कि पंच पति की गोली मारकर हत्या की गई है। फिलहाल घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। परिजन भी घटना के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और इस हत्याकांड में शामिल लोगों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Posts

बिहार पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल, ब्रिटेन में मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया राज्य का प्रतिनिधित्व

बिहार पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल, ब्रिटेन में मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया राज्य का प्रतिनिधित्व

सीवान में बंद मकान में 10 लाख की भीषण चोरी, एयरफोर्स के रिटायर्ड अधिकारी के घर को चोरों ने बनाया निशाना

सीवान में बंद मकान में 10 लाख की भीषण चोरी, एयरफोर्स के रिटायर्ड अधिकारी के घर को चोरों ने बनाया निशाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *