
जहानाबाद। दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स रग्बी प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में अपना दबदबा कायम किया है। प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक और बालिका दोनों वर्गों में बिहार की टीम ने चैंपियन बनकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग में बिहार की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया और उपविजेता बनी। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जहानाबाद जिले के चार खिलाड़ियों ने बिहार का प्रतिनिधित्व कर जिले का नाम रोशन किया है।
अंडर-14 बालिका वर्ग में जहानाबाद के पंडुई गांव की मेंदी कुमारी और अंजना कुमारी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बिहार को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से स्वर्ण पदक जीतने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं, अंडर-14 बालक वर्ग में शकूराबाद निवासी प्रकाश कुमार ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय देते हुए बिहार टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इसके अलावा अंडर-17 बालिका वर्ग में पंडुई गांव की तमन्ना कुमारी ने शानदार प्रदर्शन किया और बिहार टीम को रजत पदक दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। चारों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जहानाबाद जिले में खुशी की लहर है।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद जब खिलाड़ी वापस जहानाबाद पहुंचे तो रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। परिजनों, ग्रामीणों और खेल प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को फूल-माला पहनाकर और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया गया और उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया गया।
इस मौके पर कोच ने कहा कि जहानाबाद के चार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है। खासकर जिले की बेटियां खेल के मैदान में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और पर्याप्त अवसर देने की।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इन खिलाड़ियों की सफलता से जिले के दूसरे बच्चे भी खेल के प्रति प्रेरित होंगे और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जहानाबाद का नाम रोशन करेंगे।







