पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां जन्म के कुछ ही घंटे बाद एक नवजात को खेत की मेड़ पर छोड़ दिया गया। नवजात के पास से पूजा-पाठ की सामग्री भी बरामद हुई है। ग्रामीणों की नजर जब खेत में पड़े बच्चे पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात और उसकी मां को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पूरा मामला छतरपुर थाना क्षेत्र के मनहु गांव का है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रवींद्र उरांव की पत्नी ने शुक्रवार की रात एक बच्चे को जन्म दिया था। दंपती के पहले से ही चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि नवजात के जन्म के कुछ घंटे बाद ही उसे गांव के एक खेत की मेड़ पर छोड़ दिया गया।
खेत में नवजात को पड़ा देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया और उसकी मां को भी पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने मां और बच्चे को अपने कब्जे में लेकर छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल यानी एमएमसीएच रेफर कर दिया।
घटनास्थल से पूजा-पाठ की सामग्री भी बरामद की गई है। स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि तीन महिलाएं एक झोले में नवजात को लेकर खेत की ओर पहुंची थीं। हालांकि, वे महिलाएं मौके से फरार हो गईं। जिस स्थान पर नवजात मिला, वहां से कुछ ही दूरी पर एक मंदिर भी स्थित है।
बताया जा रहा है कि रवींद्र उरांव बाहर मजदूरी करते हैं। वहीं, छतरपुर थाना प्रभारी सौरव चौबे ने बताया कि पारिवारिक कारणों से मां ने इस तरह का कदम उठाया था। पुलिस ने मां और बच्चे को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया है और मामले की छानबीन की जा रही है। थाना प्रभारी ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह नहीं फैलाने की अपील की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।







