कोईलवर/आरा: दानापुर रेल मंडल के कुल्हड़िया रेलवे स्टेशन पर शनिवार को ट्रेन का इंतजार कर रहे एक 25 वर्षीय युवक को विषैले सांप ने डस लिया। सर्पदंश के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल, आरा लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान चांदी थाना क्षेत्र के भदवर गांव निवासी अनिल कुमार सिंह के पुत्र पवन कुमार के रूप में हुई है। पवन बीए का छात्र था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
मृतक के छोटे भाई प्रशांत कुमार के अनुसार, पवन शनिवार को एक रिश्तेदार के घर जाने के लिए कुल्हड़िया रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वह अप प्लेटफॉर्म पर ट्रेन आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म के समीप झाड़ियों से निकले एक विषैले सांप ने उसके दाहिने पैर में डस लिया। सर्पदंश के बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। सूचना मिलने पर परिजन और आसपास मौजूद लोग उसे सदर अस्पताल, आरा ले गए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन जहर तेजी से फैलने के कारण पवन की स्थिति गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिउतिया की तैयारी कर रही थी मां, आई बेटे की मौत की खबर
पवन की मौत की खबर मिलते ही भदवर गांव स्थित उसके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि जिस समय पवन को सांप के डसने की खबर परिवार तक पहुंची, उस समय उसकी मां बेटे की लंबी उम्र और दीर्घायु की कामना को लेकर जिउतिया की तैयारी कर रही थी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया।
डॉक्टरों के जवाब के बाद झाड़-फूंक की शरण
परिजनों के अनुसार, अस्पताल में चिकित्सकों के जवाब देने के बाद भी उन्हें पवन के जीवित होने की उम्मीद थी। इसके बाद वे उसे लेकर कोईलवर के गौरैयास्थान घाट पहुंचे, जहां शनिवार से रविवार सुबह तक झाड़-फूंक कराई गई। काफी प्रयास के बाद भी जब उसकी सांस वापस नहीं लौटी तो रविवार को परिजनों ने शव को सोन नदी में प्रवाहित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।






