धनबाद। जिले के भूली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पांडरपाला दास बस्ती निवासी राहुल कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से बरामद दो मोबाइल फोन की जांच में एनसीआरपी पोर्टल पर अलग-अलग राज्यों से साइबर धोखाधड़ी से संबंधित कुल 53 शिकायतें दर्ज मिली हैं।
धनबाद के प्रभारी साइबर डीएसपी प्रकाश कुमार साव ने सोमवार को बताया कि 27 सितंबर की शाम पुलिस को एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से एक संदिग्ध मोबाइल नंबर से साइबर अपराध किए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद तकनीकी शाखा की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबर की लोकेशन पांडरपाला दास बस्ती में चिन्हित की गई।
जानकारी मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम जब पांडरपाला दास बस्ती पहुंची तो एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान राहुल कुमार दास के रूप में हुई।
दो मोबाइल की जांच में 53 शिकायतें
पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद दोनों मोबाइल फोन की एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से जांच की। जांच के दौरान अलग-अलग राज्यों से साइबर धोखाधड़ी से संबंधित कुल 53 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राहुल कुमार दास ने बैंक अधिकारी बनकर लोगों से साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक सैमसंग और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों मोबाइल को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस अब एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है।
जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने किन-किन लोगों को निशाना बनाया और ठगी से जुड़े नेटवर्क में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
रिपोर्ट: धनबाद





