
बिहार के समस्तीपुर जिले में पांच वर्षीय मासूम की सड़क हादसे में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। घटना खानपुर थाना क्षेत्र के रेवड़ा पंचायत स्थित सिंधियाही गांव की है। घर के दरवाजे पर खेल रहे बच्चे को एक अनियंत्रित वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आगजनी शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी झड़प भी हुई।
मृतक बच्चे की पहचान सिंधियाही गांव निवासी मुकेश सहनी के पांच वर्षीय पुत्र अंशु कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे अंशु अपने घर के दरवाजे के सामने खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना में शामिल वाहन का चालक उसी पंचायत के एक जनप्रतिनिधि का पुत्र है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक चालक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
**पुलिस को ग्रामीणों ने खदेड़ा, सरकारी वाहन में तोड़फोड़**
बच्चे की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी शुरू कर दी और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। हंगामे की सूचना पर पहुंची खानपुर थाना पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को खदेड़ दिया और सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान पुलिस की ओर से AK-47 ताने जाने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
**पुलिस ने दर्ज की अलग प्राथमिकी**
समस्तीपुर पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, उपद्रव और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने के मामले में उपद्रवियों की पहचान कर अलग प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। मृतक के परिजनों का बयान लिया गया है और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है।
मामले में सदर-02 कल्याणपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मृतक के पिता मुकेश सहनी, चाचा मिथिलेश सहनी और अन्य परिजनों ने दोषी के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मासूम की मौत के बाद गांव में मातम के साथ तनाव का माहौल बना हुआ है।





